
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह ने शिकायतकर्ता पर कार्यालय में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाया है। ईओ ने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
तहरीर के मुताबिक बुधवार शाम करीब 4:15 बजे आफताब आलम ने अपने वार्ड में लाइटिंग और सड़क निर्माण की शिकायत को लेकर फोन किया था। ईओ का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बाद में कार्यालय पहुंचकर रोकने के बावजूद जबरन कक्ष में घुस गए।
आरोप है कि आफताब आलम ने उनके साथ हाथापाई की, गला दबाने का प्रयास किया और कमीज फाड़ दी। कार्यालय में रखी विभागीय पत्रावलियों को भी क्षतिग्रस्त करने का दावा किया गया है। ईओ ने यह भी आरोप लगाया कि करीब दस मिनट बाद 25-30 लोगों के साथ दोबारा कार्यालय पहुंचकर हमला करने का प्रयास किया गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय पालिका के कर्मचारी, अवर अभियंता और सभासद मौजूद बताए गए हैं। ईओ ने पुलिस से आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि ईओ की तरफ से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

