ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पिकअप की टक्कर से सड़क पर गिरे बाइक सवार, पीछे से आई स्कॉर्पियो ने रौंदा, दो युवकों की मौत

चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो उन्हें कुचलते हुए निकल गई। हादसे में दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार डेढ़ साल का मासूम बच्चा इस भयावह दुर्घटना में बाल-बाल बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

 

मृतकों की पहचान खोर गांव निवासी अंजित गुप्ता (34), पुत्र मिठाई लाल गुप्ता और दीपक विश्वकर्मा (28), पुत्र बब्बन विश्वकर्मा के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, अंजित गुप्ता अपने डेढ़ वर्षीय बेटे को दवा दिलाने के लिए दीपक विश्वकर्मा के साथ बाइक से कमालपुर जा रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल का नंबर यूपी 67 एस 0551 था।

बताया जा रहा है कि गौसपुर गांव के समीप पहुंचते ही एक पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों युवक भी नीचे गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रही स्कॉर्पियो संख्या यूपी 32 एचए 5005 दोनों युवकों को रौंदते हुए आगे निकल गई। स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से कुचल गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

 

हादसे के दौरान बाइक पर मौजूद डेढ़ साल का मासूम बच्चा सुरक्षित बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक ने दोनों युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हादसे की गंभीरता के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। वहीं, एक ही गांव के दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही खोर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!