ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में खाद का पर्याप्त भंडार, गेहूं बीज की बुकिंग फिर शुरू, किसानों को 50 से 100 प्रतिशत मिलेगा अनुदान

चंदौली। रबी सीजन में किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कृषि विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि जनपद में यूरिया, डीएपी सहित सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। इसके साथ ही किसानों की सुविधा के लिए गेहूं के बीज की बुकिंग दोबारा शुरू कर दी गई है।

 

उन्होंने बताया कि राजकीय बीज गोदामों पर ई-लॉटरी और ऑटो कन्फर्म के माध्यम से चयनित किसानों को 50 से 100 प्रतिशत अनुदान पर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। गेहूं के 10,476.60 कुंतल लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 6,883.15 कुंतल बीज वितरित किया जा चुका है। शेष वितरण जारी है। इसके अलावा सरसों के 31 कुंतल, मटर के 7.40 कुंतल और चने के 286.4 कुंतल बीज का वितरण किया जा रहा है।

 

जिला कृषि अधिकारी के अनुसार जनपद में यूरिया का 17,690 मीट्रिक टन, डीएपी का 5,113 मीट्रिक टन, एमओपी का 433 मीट्रिक टन, एनपीके का 3,399 मीट्रिक टन और एसएसपी का 8,435 मीट्रिक टन स्टॉक उपलब्ध है। 28 और 29 नवंबर को विभिन्न समितियों पर 842 मीट्रिक टन यूरिया और डीएपी अतिरिक्त भेजी जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि चना, मसूर, तोरिया, अलसी और सरसों के निःशुल्क मिनीकिट भी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि खाद खरीदने के लिए फार्मर आईडी अथवा प्रमाणित खतौनी साथ लेकर जाएं। खाद की उपलब्धता या वितरण संबंधी किसी समस्या पर एआर कोऑपरेटिव अथवा जिला कृषि अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!