
चंदौली। संविधान दिवस के अवसर पर भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से चलाए जा रहे ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ अभियान के तहत सेवड़ी हुदहुदीपुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान प्रशासक आशुतोष कुमार सिंह उर्फ ‘रिंकू सिंह’ को सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान ग्राम पंचायत में कराए जा रहे विकास कार्यों, ईमानदारी, पारदर्शिता और बिना किसी भेदभाव के जनसेवा के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान मिलने पर आशुतोष कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे जनपद, क्षेत्रवासियों और ग्राम पंचायत के लोगों के सहयोग एवं आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने इस सम्मान को समस्त क्षेत्रवासियों को समर्पित करते हुए सभी के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। गांव के प्रत्येक परिवार के साथ समान व्यवहार करना और सभी पात्र लोगों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनका निरंतर प्रयास है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में किसी भी परिवार के साथ जाति, वर्ग या अन्य किसी आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।
आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि गांव का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब सभी लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ रहें। उन्होंने भविष्य में भी जनहित के कार्यों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जारी रखने का संकल्प दोहराया।

