चंदौली। काशी तमिल संगमम-5.0 के शुभारंभ समारोह में उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री सहित अतिविशिष्ट व्यक्तियों के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए चंदौली यातायात पुलिस ने शनिवार 28 नवंबर को विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान रामनगर, पड़ाव, मुगलसराय और वाराणसी की ओर आने-जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा।
यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी अवश्य कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
- शाहूपुरी तिराहा: रामनगर की तरफ से पड़ाव होकर दुलहीपुर और मुगलसराय जाने वाले मालवाहक वाहन शाहूपुरी तिराहे से व्यास नगर होते हुए एफसीआई तिराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
- दुलहीपुर-मलोखर-शिवाला मार्ग: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर से पड़ाव जाने वाले सभी वाहन दुलहीपुर से मलोखर, शिवाला और रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे।
- एफसीआई गोदाम तिराहा: पीडीडीयू नगर से पड़ाव जाने वाले वाहनों को एफसीआई तिराहे से व्यास नगर, शाहूपुरी तिराहा और पीएसी तिराहा होते हुए रामनगर तथा एनएच-19 के रास्ते भेजा जाएगा।
- पड़ाव चौराहा: पड़ाव से वाराणसी के राजघाट की ओर जाने वाले मालवाहक वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा राजघाट पुल की तरफ नहीं जाएंगे। वाराणसी जाने वाले इन वाहनों को बहादुरपुर मार्ग से भेजा जाएगा।
कोयला मंडी में ट्रकों की पार्किंग पर रोक
यातायात पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को सुबह आठ बजे से कटेसर में नो एंट्री और कोयला मंडी में नो एग्जिट व्यवस्था लागू रहेगी। कोयला मंडी से पड़ाव तक के व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने ट्रक मुख्य सड़क पर खड़े न करें। वाहनों की पार्किंग सर्विस लेन अथवा अपने कोयला गोदाम परिसर में ही करें।
यातायात पुलिस ने बताया कि यह व्यवस्था वीवीआईपी आवागमन के दौरान यातायात सुचारु रखने और आमजन की सुविधा के लिए लागू की गई है। पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

