ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: रोजगार और सामाजिक भागीदारी के मुद्दे पर विधायक पल्लवी पटेल ने निकाली यात्रा, मुगलसराय में हुआ भव्य स्वागत

चंदौली। अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय नेता और सिराथू विधायक पल्लवी पटेल का शुक्रवार को मुगलसराय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान रोजगार एवं भागीदारी यात्रा के तहत बाइक रैली निकालकर संगठन ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।

 

आईपी मॉल से शुरू हुई बाइक रैली में करीब 100 मोटरसाइकिलों और 10 चारपहिया वाहनों का काफिला शामिल रहा। पार्टी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। रैली चकिया तिराहा होते हुए गोधना चौराहे तक पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पल्लवी पटेल का स्वागत किया।

 

इस दौरान पल्लवी पटेल ने रोजगार, जातिगत जनगणना और पिछड़े वर्गों की सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में अधिकार और भागीदारी मिलनी चाहिए। रोजगार के अवसरों का विस्तार और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

 

उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही संगठन को मजबूत करने और आम लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं की भागीदारी और उत्साह से मुगलसराय में राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली।

 

Back to top button
error: Content is protected !!