
चंदौली। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों को अब इसके लिए विशेष अवसर मिलेगा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहकर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे। अभियान में खासतौर पर 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिलाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर रहेगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ के पास 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। नागरिक वहां पहुंचकर अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से अपात्र अथवा मृतक व्यक्ति का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन या निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी।
मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए जिला संपर्क केंद्र के दूरभाष नंबर 05412-1950 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के सिटिजन सर्विस पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन एप पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के जरिए भी संबंधित बीएलओ से फोन पर जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं सहित सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को सभी बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन पत्रों और हेल्प डेस्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी अभियान के दौरान मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी करेंगे।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 28 और 29 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जरूर जांचें और पात्र नागरिकों का पंजीकरण कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग करें।

