ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 60 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, नवदंपतियों को वितरित की गई उपहार सामग्री

चंदौली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को चंदौली सदर विकासखंड परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें जिले के कुल 60 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में शासन की कल्याणकारी योजना के तहत निर्धन और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे विधि-विधान और गरिमामय माहौल में संपन्न कराया गया।

समारोह में विकासखंड नियामताबाद के 11 जोड़ों, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के तीन जोड़ों तथा सदर विकासखंड के 46 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। विवाह संपन्न होने के बाद सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित उपहार सामग्री वितरित की गई।

 

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना तथा विवाह समारोह को सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

 

जिलाधिकारी शैलेष कुमार के मार्गदर्शन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने शासन की मंशा के अनुरूप कार्यक्रम का संचालन कराया। समारोह में विधायक रमेश जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख, जिला समाज कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित विकासखंड एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!