ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

काफिले की गाड़ियों में टक्कर मामले में चंदौली पुलिस से नाराज विधायक सुशील सिंह, सकलडीहा पुलिस से जांच कराने की मांग

चंदौली। भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ियों में स्कॉर्पियो से हुई टक्कर के मामले में चंदौली कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मामले की विवेचना सकलडीहा पुलिस से कराने की मांग की है।

पूर्वांचल टाइम्स से बातचीत में विधायक सुशील सिंह ने कहा कि घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने जिस तरह की लापरवाही दिखाई है, वह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि के मामले में पुलिस इस तरह की कार्यप्रणाली अपनाती है तो आम जनता के साथ उसका व्यवहार कैसा होगा।

विधायक ने कहा कि घटना को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। मामले की शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों से की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सदर कोतवाली जैसे महत्वपूर्ण थाने की जिम्मेदारी ऐसे अधिकारियों को दी जानी चाहिए, जो मामलों को गंभीरता से समझकर संवेदनशीलता और सूझबूझ के साथ कार्रवाई करें। पुलिस की कार्यप्रणाली से जनता के बीच सरकार की छवि प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

Back to top button
error: Content is protected !!