
युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर, बीएलओ को पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने के दिए निर्देश
चंदौली। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सकलडीहा विकासखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान दिवस के तहत अधिकारियों ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार (महेसुआ) तथा बट्ठी जूनियर हाई स्कूल बालिका विद्यालय, चतुर्भुजपुर (सकलडीहा रेलवे स्टेशन) स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। यहां मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं निर्वाचन कर्मियों से पंजीकरण कार्य की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने निर्देश दिया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने नहीं पाए। विशेषकर ऐसे युवाओं, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या निर्धारित अर्हता तिथि के अनुसार पात्र हो रहे हैं, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान के तहत 28 नवंबर के साथ ही 29 नवंबर, रविवार को भी सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बीएलओ अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे और मतदाताओं से नाम जोड़ने, अपमार्जन तथा संशोधन से संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे।

उन्होंने जनपद के नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है या नाम, पता और अन्य विवरण में कोई त्रुटि है तो निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन करें। मतदाता पंजीकरण एवं निर्वाचन संबंधी जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने की अपील की है।

