
वाराणसी। डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल की बिशुनपुरा (चंदौली) और सुल्तानपुर शाखाओं में नए प्रधानाचार्यों की नियुक्ति की गई। महमूरगंज स्थित पिंड बलूची में बुधवार को आयोजित समारोह में बिशुनपुरा शाखा के प्रधानाचार्य पद पर श्वेता जी. रघुवंशी और सुल्तानपुर शाखा के प्रधानाचार्य पद पर अरविंद पाठक को नियुक्त किया गया। समारोह में 120 से अधिक अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।
नवनियुक्त प्रधानाचार्य श्वेता जी. रघुवंशी ने कहा कि विद्यालय में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों का बेहतर प्रदर्शन उनकी प्राथमिकता होगी। वहीं, अरविंद पाठक ने दोनों शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर एक समान शैक्षणिक संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शून्य से विद्यालय की शुरुआत करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन आगामी दशक में डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल की कई शाखाओं का विस्तार करना उनका सपना है।
विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि जीवन में दूरदृष्टि बड़ी होनी चाहिए। वर्ष 2023 में स्थापित विद्यालय महज तीन वर्षों में दूसरी शाखा शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस वर्ष पहली बार विद्यालय के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे, ऐसे में उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन संस्थान की प्रमुख प्राथमिकता है।
उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि दुनिया में शिक्षक से महान कोई नहीं होता, क्योंकि विद्यार्थी की सफलता पर सबसे अधिक प्रसन्नता उसके शिक्षक को होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य सीबीएसई की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ वित्तीय शिक्षा प्रदान कर विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।

