
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के प्रीतनगर वन क्षेत्र में बीते 21 सितंबर को मिली सिरकटी युवती की लाश मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। महिला की हत्या उसके ही पति ने धर्म परिवर्तन नहीं करने पर की। आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को एसपी आशीष श्रीवास्तव ने आरोपितों को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया।
बकौल एसपी जंगल से महिला का शव मिलने के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। प्रीतनगर के लक्ष्मीनारायण सोनी ने कपड़ा जूता और शरीर की बनावट के आधार पर उसकी शिनाख्त अपनी पुत्री प्रिया सोनी के रूप में की। पिता ने यह भी बताया कि डेढ़ माह पहले प्रिया ने बगैर घर वालों की मर्जी के पड़ोस में रहने वाले एजाज अहमद उर्फ आशिक से शादी कर ली थी। एजाज प्रिया पर लगातार धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने अपनी जांच और तेज कर दी। गुरुवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर बग्घानाला पुल के नीचे एजाज अहमद और उसके साथी प्रीतनगर के ही रहने वाले शोएब को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर प्रिया का मोबाइल, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, लोहे का राड, फावड़ा और आल्टो कार बरामद की गई। आरोपितों के अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि धर्म परिवर्तन कर इस्लाम धर्म नहीं अपनाने पर प्रिया की निर्मम हत्या कर दी। आरोपितों को पकड़ने वाली टीम में चोपन प्रभारी निरीक्षक नवीन तिवारी, स्वाट प्रभारी प्रदीप सिंह, सरोजमा सिंह, अमित सिंह, अवधेश यादव आदि शामिल रहे।
