
चंदौली। मुगलसराय नगर में टोटो से घर लौट रही महिला के गले से 8 ग्राम की सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला ने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम भी मामले की जांच में जुटी है।
कैलाशपुरी निवासी 55 वर्षीय पुष्पा सेठ पत्नी अशोक सेठ की रस्तोगी गली में ‘जेवर कोठी’ नाम से दुकान है। शुक्रवार सुबह वह दुकान से टोटो में बैठकर कैलाशपुरी स्थित अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उनके गले से करीब 8 ग्राम की सोने की चेन गायब हो गई।
घर पहुंचने पर चेन गायब होने की जानकारी हुई तो महिला ने तत्काल मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। क्राइम ब्रांच की टीम भी घटना की जांच कर रही है। पुलिस टोटो के रास्ते और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चेन चोरी करने वाले की पहचान का प्रयास कर रही है।

