ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सीएम डैशबोर्ड में खराब प्रदर्शन पर डीएम नाराज, विभागाध्यक्षों को लगाई फटकार, PWD एक्सईएन को नोटिस

चंदौली। सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में ‘बी’ और ‘सी’ ग्रेड तथा डिफॉल्टर श्रेणी की आशंका वाले विभागों के प्रदर्शन पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विभागाध्यक्षों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर पीडब्ल्यूडी एक्सईएन को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं डाटा फीडिंग में देरी और पोर्टल पर सूचनाएं अपडेट न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।

 

कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड, आकांक्षात्मक ब्लॉक एवं जनपद, विभागों की वन पेजर रिपोर्ट, अनुशासनात्मक मामलों, आईजीआरएस, जीरो पॉवर्टी अभियान, गोल्डन कार्ड और फैमिली आईडी की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति का विभागवार जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति सामने आने पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता के प्रति नाराजगी जताई। वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क, पुल और सार्वजनिक भवनों के निर्माण में तेजी लाई जाए। निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

 

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में कुछ विभागों के प्रदर्शन में गिरावट और ग्रेड खराब होने की संभावना पर विभागाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि पोर्टल पर समय से डाटा फीड करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

आईजीआरएस की समीक्षा में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया। वहीं आकांक्षात्मक ब्लॉक व जनपद के मानकों में सुधार के साथ जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत पात्र परिवारों को चिह्नित कर सरकारी योजनाओं से संतृप्त करने के निर्देश दिए गए। गोल्डन कार्ड और फैमिली आईडी अभियान में भी तेजी लाने को कहा गया। बैठक में सीडीओ आर. जगत साई, मुख्य चिकित्साधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, उप कृषि निदेशक, अधिशासी अभियंता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!