
चंदौली। सितंबर के अंतिम सप्ताह में बैंक लगातार पांच दिनों तक बंद रहेंगे। 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार का अवकाश है। इसके बाद यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। इस दौरान भी बैंक कर्मी कामकाज ठप कर हड़ताल पर रहेंगे। ऐसे में लोग जमा-निकासी के साथ ही बैंक से संबंधित काम पहले ही निबटा लें।
अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष कुमार मिश्रा ने ग्राहकों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपने जरूरी बैंकिंग कार्य 25 सितंबर तक निपटा लें। विशेष रूप से नकद लेन-देन, चेक जमा, बैंक ड्राफ्ट समेत अन्य आवश्यक कार्य समय रहते पूरा करने की सलाह दी गई है। बैंक शाखाओं के बंद रहने से चेक क्लियरिंग समेत कुछ बैंकिंग प्रक्रियाओं में देरी हो सकती है। ऐसे में जिन ग्राहकों को भुगतान, जमा या अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य करने हैं, वे निर्धारित अवकाश और हड़ताल से पहले शाखा से संबंधित काम पूरा कर लें।
बैंक शाखाएं बंद रहने के दौरान ग्राहक एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। इन सेवाओं की उपलब्धता तकनीकी स्थिति और संबंधित बैंक की व्यवस्था पर निर्भर करेगी। अग्रणी बैंक प्रबंधक कार्यालय ने ग्राहकों से अपील की है कि वे बैंक बंदी की संभावित अवधि को ध्यान में रखते हुए अपने वित्तीय कार्यों की पहले से योजना बनाएं और समय रहते आवश्यक लेन-देन पूरा कर लें।

