ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: हाईवे पर पलटी मैजिक, चालक की मौत, कार्रवाई में जुटी पुलिस

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के लौदा गांव के समीप नेशनल हाईवे पर देर रात तेज रफ्तार मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मैजिक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद चालक के शव को वाहन से बाहर निकलवाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

 

बताया गया कि हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। मैजिक हाईवे से गुजर रही थी। लौदा गांव के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना तेज था कि चालक को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

 

मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मैजिक को हटवाने के साथ ही वाहन में फंसे चालक के शव को बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उसकी तत्काल पहचान हो सके। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 38 वर्ष है।

 

पुलिस को मृतक के पास से मोबाइल फोन भी मिला, लेकिन हादसे में फोन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते पुलिस को मोबाइल के जरिए मृतक के परिजनों तक पहुंचने में भी परेशानी हो रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

 

अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों के साथ ही पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी सूचना दी गई है। पुलिस वाहन और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर मृतक की पहचान कराने में जुटी है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!