ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: हनुमान मंदिर से मुकुट चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, टूटे मुकुट के साथ नकदी बरामद

चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव स्थित हनुमान मंदिर से मुकुट चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सफेद धातु का मुकुट बरामद किया है, जो दो टुकड़ों में टूटा हुआ था। इसके अलावा मंदिर का घंटा बेचने से मिले 500 रुपये भी बरामद किए गए हैं।

 

थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को सेमरा पुलिया के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय के समीप घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान पड़रिया गांव निवासी महेंद्र चौहान (43) पुत्र कैलाश चौहान के रूप में हुई।

 

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को पड़रिया निवासी मित्तन पुत्र घुरहू ने थाने में तहरीर देकर गांव के ही महेंद्र चौहान पर हनुमान मंदिर से मुकुट चोरी करने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 0118/2026 के तहत धारा 305(डी) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

 

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे सेमरा पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से मंदिर से चोरी किया गया टूटा हुआ मुकुट और घंटा बेचने से प्राप्त 500 रुपये नकद बरामद हुए।

 

पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अंगद सिंह, आरक्षी बृजेश कुमार और आरक्षी संदीप जायसवाल शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!