
चंदौली। भोजापुर गांव के समीप करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुलिस लाइन में गुरुवार की भोर एक 25 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद साथी मजदूर उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों से पूछताछ कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र के बावला गांव निवासी वापी मोमिन पुत्र रोबिन मोमिन के रूप में हुई है। वह अपने चाचा के साथ भोजापुर स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइन में मजदूरी करता था।
बताया गया कि मंगलवार की रात अचानक वापी की तबीयत खराब हो गई। उसकी हालत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर भी मौके पर पहुंच गए। साथी मजदूर आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सकलडीहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने निर्माणाधीन परिसर में मौजूद मजदूरों से घटना के संबंध में जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। युवक की अचानक मौत से निर्माण स्थल पर काम कर रहे अन्य मजदूरों में भी खलबली मच गई।
पहले भी आया था हार्ट अटैक
सकलडीहा कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र निषाद के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि युवक को पूर्व में भी एक बार हार्ट अटैक आया था। हालांकि उसकी वर्तमान मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूरों और संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

