fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली के इस गांव में हुआ तांडव, मारपीट के बाद फूंक दी गरीब की मड़ई, चार गिरफ्तार

चंदौली। खेत की मेढ़ पर आने-जाने को लेकर हुए विवाद में सदर कोतवाली क्षेत्र के बर्थरा कला गांव में दो जाति के लोगों में जमकर मारपीट हुई। लाठी डंडे चले। दोनों पक्षों से लोग घायल हुए। आरोप है कि घटना के बाद जाति विशेष के लोगों ने जमकर तांडव मचाया। दोबारा मारपीट की और एक गरीब की मड़ई में आग लगा दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बहरहाल पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।


खेत की मेढ़ पर आने-जाने को लेकर उपजे विवाद में गुरुवार को दो जाति के लोग आमने-सामने हो गए। मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों से लोग घायल हुए। गांव के ही कुछ संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत किया। आरोप है कि कुछ देर बाद गोलबंद होकर एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं को भी मारा पीटा गया। गरीब की मड़ई में आग लगा दी। जिससे पूरी मड़ई और उसमें रखा घर-गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। एएसपी दयाराम सरोज ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से वैजयंती देवी ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि मेढ़ पर आने-जाने के विवाद को लेकर उसके परिवार को मारा पीटा गया और मड़ई में आग लगा दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!