ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: किसान के घर लाखों की चोरी, नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए चोर, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और बक्सों व बैगों के ताले तोड़कर भैंस बिक्री के रखे 1.20 लाख रुपये नकद समेत परिवार के कीमती गहने समेट ले गए। शुक्रवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

सेमरा गांव निवासी सुरेश यादव खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया गया कि बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे चोर पीछे की ओर से छत पर चढ़े और सीढ़ी के रास्ते घर में दाखिल हो गए। इसके बाद बड़े बक्से और बैगों का ताला तोड़कर उसमें रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार भोर में करीब चार बजे सुरेश यादव की नींद खुली तो घर का मुख्य दरवाजा खुला देखकर उन्हें शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो बक्से का ताला टूटा था और सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने परिजनों को जगाकर शोर मचाया।

पीड़ित के अनुसार, चोर दो बड़े बैग और दो छोटे बक्से उठा ले गए। इनमें भैंस बिक्री के रखे 1.20 लाख रुपये नकद, पत्नी और बेटियों के तीन जोड़ी सोने के झुमके, तीन लॉकेट, मंगलसूत्र, मांगटीका, सोने की सिकड़ी, अंगूठियां, चांदी की पायल, करधनी और पैजनी रखी थीं। इसके अलावा सुरेश की बहन के सोने के मांगटीके, अंगूठी, सिकड़ी और चांदी के गहने भी चोरी हो गए। चोर कपड़े और डिब्बे में रखी अरहर की दाल तक उठा ले गए।

 

सुबह ग्रामीणों ने तलाश की तो घर से करीब एक किलोमीटर दूर बाजरे के खेत में दो टूटे बक्से मिले। वहीं, धान के खेत में दो बैग, कपड़े, चूड़ियां और घड़ी बिखरी मिली। पीड़ित ने सामान की पहचान की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!