ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मारपीट कर रुपये छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पैसे बरामद

चंदौली। मजदूरी का पैसा बांटकर घर लौट रहे व्यक्ति के साथ मारपीट कर रुपये छीनने के मामले में शहाबगंज पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए रुपयों में से 2000 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

 

पुलिस के मुताबिक, केराडीह गांव निवासी रंजीत सिंह पुत्र जगदीश सिंह ने 10 नवंबर 2026 को थाने में तहरीर देकर घटना की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि वह मजदूरी का पैसा बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी जेब में रखे रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुअसं 144/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल वांछित आरोपी केराडीह गांव के पास मौजूद हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने गांव में पीपल के पेड़ के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से छीने गए 2000 रुपये नकद बरामद हुए।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलोक पुत्र राजेश उर्फ नटरू और मोनू पुत्र गुड्डू निवासी ग्राम केराडीह, थाना शहाबगंज, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन सिंह, कांस्टेबल आशुतोष यादव, सोमेश कुमार और हरगोविन्द शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!