ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पांच हजार रुपये और गांजा पीने की लालच में तस्करी, पुलिस टीम पर किया फायर, एक गिरफ्तार, चार फरार

चंदौली। कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग पर गोवंश तस्करी कर ले जा रहे तस्करों ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके चार साथी खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल क्रूजर वाहन और उसमें लदे दो गोवंश (एक गाय और एक सांड) बरामद किए हैं। गिरफ्तार तस्कर ने बताया कि वह पांच हजार रुपये और गांजा पीने की लालच में तस्करी में शामिल हुआ था। पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

चलती गाड़ी से कूदकर खेतों के रास्ते फरार हो गए तस्कर

प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में चंदौली पुलिस की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग से चंदौली-सकलडीहा हाईवे की ओर जा रहा एक संदिग्ध क्रूजर वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया तो वाहन सवारों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम को लक्ष्य कर फायरिंग कर दी। इसके बाद वाहन में सवार कुछ लोग चलती गाड़ी से कूदकर सड़क के दोनों तरफ खेतों में भागने लगे। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा और आरोपियों को रोकने के लिए प्रभारी निरीक्षक की सरकारी पिस्टल से दो राउंड हवाई फायर किए। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने सूरज उर्फ गोलू पटेल निवासी लमही, थाना पहड़िया, वाराणसी को पकड़ लिया। भागने के दौरान चलती गाड़ी से कूदने के कारण वह घायल हो गया था।

पांच हजार रुपये और गांजा पीने की लालच में तस्करी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में गोवंश तस्करी में शामिल हुआ था। गिरोह के सदस्य वाराणसी शहर से छुट्टा गोवंश को क्रूजर में लादकर बिहार में वध के लिए ले जाते थे। इससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता था। आरोपी के मुताबिक, वाहन विकास चौहान चला रहा था। उसमें बाबू यादव, संतु यादव और शिवकुमार सोनकर भी सवार थे। पुलिस के पकड़े जाने के डर से विकास के कहने पर शिवकुमार ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चंदौली थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरेन्द्र यादव, मारकंडेय सिंह, रामसुजान यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!