
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के विजयदशमी पोखरा पर गुरुवार शाम डाला छठ की तैयारियों के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पोखरे पर लाइटिंग और पोस्टर लगाने का काम कर रहा 18 वर्षीय बिजली मिस्त्री कार्तिक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया। आनन-फानन में स्थानीय लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक कार्तिक वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र का निवासी था। डाला छठ के मद्देनजर विजयदशमी पोखरा पर सजावट और रोशनी की व्यवस्था की जा रही थी। इसके लिए पोस्टर लगाने का काम कराने के लिए प्रधान ने वाराणसी से मिस्त्री बुलाए थे। गुरुवार शाम काम के दौरान कार्तिक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बिजली का करंट लगने से मिस्त्री की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

