ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: अस्पताल मैनेजर का कॉलेज के कमरे में मिला शव, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली। मुगलसराय स्थित विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय के एक कमरे में बुधवार सुबह 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शहाबगंज थाना क्षेत्र के कनेरा गांव निवासी पंकज चौबे पुत्र स्वर्गीय सूरज चौबे के रूप में हुई है। वह पीडीडीयू नगर स्थित राज मल्टी स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में मैनेजर के रूप में कार्यरत था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। ऐसी चर्चाएं हैं कि युवक कॉलेज के ही किसी व्यक्ति के साथ था।

 

पंकज चौबे (32 वर्ष) मंगलवार की सुबह अपने घर से मुगलसराय स्थित राज मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में काम करने के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे। इसी बीच बुधवार 11 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे उसका शव विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय चंदासी के एक कमरे में मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

 

बताया गया कि परिजन पहले शव को अपने साथ लेकर अंतिम संस्कार के लिए जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उन्हें पंकज की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद मृतक के पिता भरत चौबे पुत्र स्वर्गीय सूरज चौबे ने बुधवार दोपहर करीब 12 बजे शहाबगंज थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित सूचना दी।

 

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने कॉलेज के उस कमरे को भी ताला बंद करा दिया है, जहां युवक का शव मिला था।

 

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह अस्पताल से कॉलेज परिसर तक कैसे पहुंचा, फिलहाल इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। घटना को लेकर परिजनों में शोक और कई सवाल बने हुए हैं।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!