चंदौलीराज्य/जिला

चंदौली पुलिस की फिल्मी कहानी में कई सवाल, फायरिंग करने वाला तस्कर फरार

गोवंश तस्करी के आरोप में एक युवक गिरफ्तार, क्रूजर से दो गोवंश बरामद; पुलिस के मुताबिक चार लोग थे सवार, लेकिन न फायरिंग करने वाला पकड़ा गया और न ही असलहा बरामद हुआ

चंदौली। सदर कोतवाली पुलिस ने गोवंश तस्करी के एक मामले में मुठभेड़ जैसी कार्रवाई का खुलासा किया है। पुलिस की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान संदिग्ध क्रूजर वाहन का पीछा करने पर उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद वाहन सवार खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और कोतवाली प्रभारी ने में दो राउंड हवाई फायरिंग भी की और एक युवक को पकड़ लिया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान वाराणसी के पहड़िया थाना क्षेत्र के लमही निवासी सूरज उर्फ गोलू पटेल (26) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से क्रूजर वाहन संख्या UP 64 AT 0120 और उसमें लदे एक गाय व एक सांड को बरामद किया गया है।

पूछताछ में सूरज ने पुलिस को बताया कि क्रूजर में कुल चार लोग सवार थे। विकास चौहान वाहन चला रहा था, जबकि बाबू यादव, संतु यादव और शिवकुमार सोनकर भी उसके साथ थे। पुलिस के मुताबिक, विकास के कहने पर शिवकुमार ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे, इसी दौरान सूरज चलती गाड़ी से कूदकर घायल हो गया और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सूरज ने कथित तौर पर यह भी बताया कि उसे पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में गोवंश तस्करी के काम में शामिल किया गया था। वाराणसी से छुट्टा गोवंश को क्रूजर में लादकर बिहार ले जाया जाता था।

लेकिन पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी कम नहीं हैं। जब पुलिस के मुताबिक तस्करों ने जानलेवा फायरिंग की तो गोली चलाने का आरोपित शिवकुमार सोनकर कहां है? वाहन चालक विकास चौहान और अन्य दो लोग पुलिस की पकड़ से कैसे बच निकले? सबसे अहम सवाल यह कि घटनास्थल से पुलिस को कोई असलहा बरामद हुआ या नहीं? पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में न तो फायरिंग करने वाले आरोपित की गिरफ्तारी का जिक्र है और न ही किसी असलहे की बरामदगी की जानकारी दी गई है।

फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार सूरज के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 532/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपितों और कथित फायरिंग में इस्तेमाल असलहे के संबंध में क्या कार्रवाई करती है।

Back to top button
error: Content is protected !!