
चंदौली। मुगलसराय नगर के न्यू महाल स्थित एक मकान में संचालित गोलगप्पा बनाने के कारखाने में रविवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे गोलगप्पा समेत लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फैक्ट्री संचालक भरत ने बताया कि घटना रात करीब 12 बजे की है और आग लगने से लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मकान में परिवार के सदस्यों समेत करीब 40 से 50 लोग काम करते हैं। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित हैं।

