
चंदौली। जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिलों के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में गश्त के दौरान सटीक सूचना पर पुलिस ने की है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने आनंद नेत्रालय, मुगलसराय के पास दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन बाइकें बरामद की गईं। इनमें हीरो स्प्लेंडर प्रो (रंग: काला), नंबर: UP63 V2592, चेचिस नं: MBLHA10BFEHK79212, हीरो स्प्लेंडर प्लस (रंग: काला), नंबर: UP65 DH3008, चेचिस नं: MBLHAR075JHT23488 और हीरो स्प्लेंडर प्रो (रंग: काला), नंबर: JH10 AS1156, चेचिस नं: MBLHA10BFEHM00026 शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संदीप गुप्ता उर्फ बहादुर (20 वर्ष), निवासी कैलाशपुरी, थाना मुगलसराय, व रणवीर चौधरी (19 वर्ष), निवासी आनंद नगर, थाना मुगलसराय के रूप में हुई है। दोनों पर तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, अजय कुमार, हेड कांस्टेबल अभिषेक दूबे, अतुल सिंह और कांस्टेबल भूपेश यादव शामिल थे।