ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: गंगा में कूदे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के शहीद चंदन राय गंगा पुल (सरसौल पुल) से सोमवार दोपहर गंगा नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव मंगलवार को करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। स्थानीय मलाहों ने लगातार खोजबीन के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

 

मृतक की शिनाख्त चहनिया ब्लॉक के पट्टी गांव निवासी 33 वर्षीय टिप्पू चौबे पुत्र रामअवतार चौबे के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे युवक पीठ पर काले रंग का बैग लादे पुल पर पहुंचा और अचानक गंगा में छलांग लगा दी। घटना के दौरान वहां मौजूद दो साहसी युवकों ने उसे बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगाई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद वे युवक को बचाने में सफल नहीं हो सके।

 

घटना के बाद प्रशासन की ओर से शुरुआती स्तर पर गोताखोरों ने करीब 30 मिनट तक तलाश की थी। इसके बाद खोजबीन बंद होने से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त था। उनका आरोप था कि युवक की तलाश के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। इसके बाद स्थानीय मलाहों ने खुद मोर्चा संभाल लिया और गंगा में लगातार खोजबीन शुरू कर दी। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार को शव बरामद हुआ।

 

शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक जांच-पड़ताल की जा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!