
चंदौली। गांवों में विकास और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच शहाबगंज विकासखंड की ग्राम सभा इलिया स्थित टेकारी बस्ती के ग्रामीण पिछले दस वर्षों से बदहाल सड़क और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे हैं। मुन्ना तिवारी के घर से सहकारी समिति होते हुए लेवा-इलिया मार्ग तक जाने वाला मुख्य रास्ता नाली के गंदे पानी से डूबा रहता है। सैकड़ों घरों के लोगों के आवागमन का यह प्रमुख रास्ता अब दुश्वारियों का कारण बन गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती के घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए समुचित नाली नहीं बनाई गई है। इसके चलते घरों का पानी सड़क पर बहता रहता है। लंबे समय से जलभराव के कारण रास्ते पर कीचड़ और गंदगी जमा हो गई है। लोगों को इसी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को होती है। कई बार लोग फिसलकर गिर भी जाते हैं। वहीं, लगातार गंदगी और दूषित पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।
विधायक से लेकर अधिकारियों तक लगाई गुहार
इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण कई बार क्षेत्रीय विधायक, खंड विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान से शिकायत कर चुके हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर नाली निर्माण तथा जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत विभाग की ओर से नाली निर्माण के लिए पैमाइश भी कराई गई थी। इसके बावजूद कार्य शुरू नहीं हो सका। हर बार आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है।
स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीण रविंद्र यादव, जिला जीत यादव, रामकुमार, शारदा शर्मा, जयतंत्री देवी, मिंता देवी, गोवर्धन शर्मा और शंकर यादव समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द नाली निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि दस वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान अब प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब समस्या की जानकारी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को है तथा नाली की पैमाइश भी हो चुकी है तो निर्माण में देरी क्यों हो रही है? आखिर टेकारी बस्ती के लोगों को गंदे पानी के बीच से कब तक गुजरना पड़ेगा? अब ग्रामीणों को आश्वासन नहीं, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान चाहिए।

