
चंदौली। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर घर पहुंचने की चाह में परदेश से लौट रहे कामगारों की भीड़ ने रेलवे की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। त्योहार नजदीक आते ही ट्रेनों में यात्रियों का दबाव इस कदर बढ़ गया है कि सामान्य और स्लीपर कोच तो दूर, शौचालय तक में जगह नहीं बच रही है। हालात ऐसे हैं कि घर पहुंचने की जल्दबाजी में लोग जान जोखिम में डालकर शौचालयों के भीतर बैठकर सफर करने को मजबूर हैं। ट्रेनों में उमड़ी भीड़ के बीच यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इसकी एक बानगी ट्रेन संख्या 03294 पटना फेस्टिवल स्पेशल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पहुंचने पर देखने को मिली। ट्रेन के अंदर की तस्वीरें भीड़ की भयावह स्थिति बयां कर रही हैं। बड़ी संख्या में कामगार शौचालयों के भीतर बैठकर यात्रा करते नजर आए। कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं होने के कारण यात्रियों को किसी तरह सफर पूरा करने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। खासकर रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे प्रदेशों में रहने वाले कामगार छठ पर परिवार के साथ पर्व मनाने के लिए किसी भी तरह घर पहुंचना चाहते हैं।
विशेष ट्रेनों के संचालन से भी नहीं मिल रही राहत
छठ पर्व की तारीख नजदीक आने के साथ ही बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ लगातार बढ़ रही है। रेलवे की ओर से त्योहारों के दौरान विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाता है, लेकिन यात्रियों की भारी संख्या के आगे ये इंतजाम नाकाफी साबित होते दिखाई दे रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को उठानी पड़ रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
ट्रेनों के शौचालयों में यात्रियों का बैठकर सफर करना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। ऐसे में रेल प्रशासन के सामने भीड़ नियंत्रण, अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की चुनौती है। यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे को अतिरिक्त कोच, विशेष ट्रेनों और स्टेशनों पर निगरानी के पुख्ता इंतजाम करने होंगे। ताकि आस्था के इस महापर्व पर घर लौटने की खुशी किसी हादसे में न बदल जाए।

