ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बिजली तार चोरी करते रंगेहाथ पकड़े गए दो युवक, तीन नाबालिग भी हिरासत में, पुलिस ने चोरी का तार, प्लास और आरी ब्लेड किया बरामद

चंदौली। क्षेत्र में बिजली के तारों की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय पुलिस को मंगलवार रात बड़ी सफलता मिली। शहाबगंज पुलिस ने फत्तेपुर खुर्द गांव के पास विद्युत तार चोरी करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, उनके साथ मौजूद तीन बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने मौके से चोरी किया गया विद्युत तार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

 

पुलिस के अनुसार, सोमवार की रात थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फत्तेपुर खुर्द गांव स्थित डीह बाबा स्थल के पास कुछ लोग बिजली का तार चोरी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। टीम ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि उनके साथ मौजूद तीन बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।

 

पुलिस ने पकड़े गए युवकों की पहचान फत्तेपुर खुर्द गांव निवासी अनंत कुमार (19) पुत्र रामसकल और अनिकेत (करीब 18 वर्ष) पुत्र छांगूर के रूप में की है। तलाशी और मौके की जांच के दौरान उनके पास से चोरी का विद्युत तार, एक प्लास और एक आरी का ब्लेड बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन उपकरणों की मदद से बिजली के तार काटकर चोरी कर रहे थे।

 

इस मामले में थाना शहाबगंज में मु0अ0सं0 143/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है। साथ ही चोरी की घटना में अन्य संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चंद्रभान, कांस्टेबल आशुतोष यादव, संदीप जायसवाल, अनुज पांडेय और संदीप वर्मा शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!