
संवाददाता : बाबू चौहान
चंदौली। शहाबगंज के ग्राम सभा मसोई स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में मानस परिवार सेवा समिति की ओर से आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के तीसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला। पिछले 14 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं।
तीसरे दिन कथा व्यास अतुल कृष्ण भारद्वाज ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने अपने प्रवचन में धर्म के वास्तविक अर्थ को स्पष्ट करते हुए कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ या किसी एक मजहब तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के जीवन में कर्तव्य, नैतिकता और सदाचार को धारण करने का मार्ग है। धर्म व्यक्ति को सही दिशा प्रदान करता है और जीवन को सार्थक बनाता है।
उन्होंने आगे कहा कि रामकथा का श्रवण व्यक्ति को मानसिक शांति, आध्यात्मिक संतुलन और समाज के प्रति जागरूकता प्रदान करता है। यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम भी है। कथा के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भगवान श्रीराम के जयघोष में लीन नजर आए।
इस अवसर पर मानस परिवार सेवा समिति और कथा व्यास के नेतृत्व में क्षेत्र में गौशाला निर्माण तथा गौवंश के चारे की समुचित व्यवस्था करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में समिति के कार्यकर्ता अरुण सिंह, ओम प्रकाश सिंह, बीकेश सिंह, अरुण गुप्ता, विनायक सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहाबगंज थाना अध्यक्ष प्रियंका सिंह, महिला कांस्टेबल नीतू और अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर तैनात रहे।

