ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: गंगा पुल से कूदकर अधेड़ ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र स्थित गंगा पुल से सोमवार शाम एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र निवासी 48 वर्षीय हरिकेश कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

जानकारी के अनुसार हरिकेश कुमार आशापुर स्थित एक विधवा आश्रम में कार्यरत थे। सोमवार को वह अपनी पत्नी पन्ना देवी से दवा लेने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम उन्होंने बलुआ गंगा पुल से छलांग लगा दी। पुल के पास मौजूद लोगों ने घटना को देखा और तत्काल इसकी सूचना बलुआ थाने को दी।

 

सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय गोताखोर मार्कण्डेय माझी की मदद से नाव के जरिए गंगा में तलाश करवाई। काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

 

घटना के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, जिसके आधार पर वाराणसी से मृतक के परिचित भी मौके पर पहुंचे और उनकी पहचान की पुष्टि की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के बीमारी से परेशान होने की बात सामने आ रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!