
आजमगढ़। कच्छा बनियानधारी आधा दर्जन बदमाशों ने शुक्रवार की रात एक घर में घुसकर लाखों की लूट पाट की। विरोध करने गृहस्वामिनी को मारपीट कर घायल कर दिया। मामला बरदह थाना क्षेत्र के सरायमोहन गांव का है। बदमाश डकैती के इरादे से एक व्यक्ति के घर में घुसे और पूरे परिवार को ही बंधक बना लिया। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने सभी की जमकर पिटाई की।
शुक्रवार की रात सरायमोहन गांव निवासी रामराजी देवी के घर के पीछे की खिड़की तोड़कर कच्छा बनियान पहने पांच बदमाश कमरे में घुस गए। जिस कमरे में रामराजी की बहू, बेटी व पोता सो रहे थे उसमें बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया। इसी बीच बीच रामराजी की नींद खुल गई, उन्होंने शोर मचाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने मारपीटकर घायल कर दिया और तमंचे के बल पर शांत करा दिया। पूरा घर खंगालने के बाद बदमाश वहां भाग गए। उनके जाने के बाद किसी तरह रामराजी ने आस-पास के लोगों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस न ेरामराजी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। रामराजी ने पुलिस को बताया कि बदमाश पांच की संख्या में थे और कच्छा-बनियान पहने हुए थे। उनके हाथ में लाठी-डंडा व रॉड था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बदमाश घर में रखे एक लाख रुपये नकद सहित उतने के ही जेवरात सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। सीओ लालगंज मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। बदमाशों को पकड़कर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।