
फुटिया के पास पहली और जगदीशसराय के निकट दूसरी गाड़ी को मारी टक्कर, स्कॉर्पियो सवार युवक की हालत गंभीर
चंदौली। जिला मुख्यालय के फुटिया और जगदीशसराय के पास सोमवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल दो वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में काफिले की दो फॉर्च्यूनर क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। वहीं, स्कॉर्पियो सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पहचान सैयदराजा क्षेत्र के मनराजपुर निवासी पंकज यादव के रूप में बताई जा रही है।
विधायक सुशील सिंह का काफिला जिला मुख्यालय की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान फुटिया के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने काफिले में चल रही एक फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से भागने की कोशिश में आगे बढ़ा और जगदीशसराय के पास काफिले की दूसरी गाड़ी को भी टक्कर मार दी। हादसे के समय विधायक भी काफिले में मौजूद थे, हालांकि उनके वाहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल स्कॉर्पियो सवार युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

