
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के मानसरोवर तालाब स्थित सूर्य मंदिर पर छठ महापर्व के दौरान वर्षों पुरानी अनूठी परंपरा निभाई जाती है। यहां सूर्यदेव की सवारी के प्रतीक सात घोड़ों को आकर्षक ढंग से सजाकर बाजे-गाजे के साथ नगर भ्रमण कराया जाता है। इस परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं।

मान्यता है कि सूर्यदेव के सातों घोड़े छठ व्रतियों के घर पहुंचकर प्रहरी के रूप में उनकी रक्षा और मंगलकामना का प्रतीक बनते हैं। नगर भ्रमण के दौरान घोड़े जब व्रती महिलाओं के घर पहुंचते हैं तो परिवार के लोग उनका स्वागत करते हैं। महिलाएं श्रद्धापूर्वक घोड़ों को चना और गुड़ खिलाती हैं तथा आरती उतारकर सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इस अनूठी परंपरा के जरिए सूर्य उपासना और लोक आस्था का विशेष संगम देखने को मिलता है।
वहीं, समाजसेवी कृष्णा गुप्ता ने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए मानसरोवर तालाब पर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। घाट पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम भी मुस्तैद रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

