ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चुनावी तैयारियों में जुटा चंदौली प्रशासन, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों का चिह्नांकन, डीएम व एसपी ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

चंदौली। आगामी चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संवेदनशील (वल्नरेबल) और अतिसंवेदनशील (क्रिटिकल) मतदेय स्थलों के चिन्हांकन को लेकर प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बूथों की पहचान और सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

 

बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की। इस दौरान बताया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की बाधा, दबाव या अव्यवस्था की आशंका वाले क्षेत्रों का समय रहते चिन्हांकन किया जाना जरूरी है, ताकि वहां विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदेय स्थलों के चिन्हांकन में पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता बरती जाए। किसी भी बूथ को संवेदनशील या अतिसंवेदनशील घोषित करने में निर्धारित मानकों और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

 

वहीं, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

Back to top button
error: Content is protected !!