
चंदौली। ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले पशुपालन के सामने अब इलाज का संकट खड़ा हो गया है। इलिया स्थित पशु चिकित्सालय की बदहाल व्यवस्था और नियमित चिकित्सकीय सुविधाओं के अभाव से नाराज किसानों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर स्थायी पशु चिकित्सक, कंपाउंडर और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि पशु चिकित्सा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
धरना स्थल पर पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार और बाद में पहुंचे चकिया के नायब तहसीलदार निर्मल चंद्र भारती को किसानों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। किसानों का कहना था कि खेती-किसानी के व्यस्त सीजन में पशुओं के बीमार होने पर इलाज के लिए पशुपालकों को भटकना पड़ता है। अस्पताल में नियमित डॉक्टर, कंपाउंडर और दवाओं की उपलब्धता नहीं होने से उनकी मुश्किलें बढ़ रही हैं।
किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि पशु चिकित्सालय की बदहाली सरकारी व्यवस्था की संवेदनहीनता को दर्शाती है। संगठन के प्रवक्ता जय नाथ सिंह ने स्थायी चिकित्सक और कंपाउंडर की नियुक्ति की मांग उठाई। वहीं संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की आमदनी दोगुनी करने की बात करती है, लेकिन पशुधन की देखभाल के लिए बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
राजेश दुबे और मुकेश पांडेय ने कहा कि जब तक अस्पताल में डॉक्टर, कंपाउंडर और दवाओं की समुचित व्यवस्था नहीं होगी, किसानों का संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘चाहे जो मजबूरी हो, हमारी मांगें पूरी हों’ जैसे नारे लगाए।
सोमवार और शनिवार को डॉक्टर की ड्यूटी की जानकारी होगी अंकित
पशु चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि अस्पताल में सोमवार और शनिवार को डॉक्टर की ड्यूटी निर्धारित होने की जानकारी वाल राइटिंग के माध्यम से अंकित कराई जाएगी, ताकि पशुपालकों को उपलब्धता के बारे में जानकारी मिल सके। वहीं नायब तहसीलदार निर्मल चंद्र भारती ने किसानों को आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए शासन स्तर पर वार्ता की जाएगी।
धरने की अध्यक्षता अशोक कुमार द्विवेदी ने की, जबकि संचालन राम अवध सिंह ने किया। इस दौरान सूर्य नारायण चौबे, दूखंतू मौर्य, इंद्रदेव यादव, ओमप्रकाश मौर्य, सुरेश मौर्य, विजय शंकर सिंह बाबिल, राजीव शंकर, दीपक पांडेय, एकलाख अहमद, चंद्रशेखर सिंह, अनिल सिंह, बंसलोचन सिंह, भोला सिंह, अमन सिंह और राजेश द्विवेदी सहित किसान विकास मंच के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिसकर्मी और मीडियाकर्मी भी उपस्थित रहे।

