
निष्पक्ष कार्रवाई की मांग, कचहरी के समीप सड़क पर उतरे अधिवक्ता, सीओ के जांच और उचित कार्रवाई के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के लीलापुर के समीप स्थित एक लाइन होटल को तोड़ने के विवाद ने शुक्रवार को तूल पकड़ लिया। मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज अधिवक्ताओं ने सदर तहसील के समीप सर्विस रोड पर चक्का जाम कर दिया। अधिवक्ताओं ने पुलिस पर एक पक्ष के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र रावत और सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह ने प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
अधिकारियों ने अधिवक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराने तथा जांच के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ के आश्वासन के बाद अधिवक्ता शांत हुए और चक्का जाम समाप्त कर दिया।
इस दौरान जनमेजय सिंह, राकेश रत्न तिवारी, आशुतोष मिश्रा, योगेश सिंह लड्डू, संजीव श्रीवास्तव, इमरान सिद्दीकी समेत सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।

