
संवाददाता: बाबू चौहान
चंदौली। सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत बुधवार को तहसील प्रशासन ने शहाबगंज क्षेत्र के बयापुर ग्राम पंचायत में बड़ी कार्रवाई की। राजस्व एवं चकबंदी विभाग की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 22 बीघा बंजर भूमि को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चली।
बताया गया कि गाटा संख्या 139 और 140 की करीब 22 बीघा भूमि राजस्व अभिलेखों में बंजर दर्ज है। भूमि को लेकर चकिया स्थित चकबंदी अधिकारी के न्यायालय में मामला चल रहा था। न्यायालय ने 10 अगस्त 2026 को भूमि को बंजर के रूप में यथावत रखने का आदेश दिया था।
आदेश के अनुपालन में उप जिलाधिकारी विकास मित्तल ने राजस्व और चकबंदी विभाग की संयुक्त टीम गठित की। बुधवार को टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और नियमानुसार अतिक्रमण हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया। इसके बाद भूमि की देखरेख के लिए ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव की अभिरक्षा में सौंप दी गई।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम विकास मित्तल, सीओ अजीत सिंह चौहान, तहसीलदार देवेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार मोहम्मद आरिफ अंसारी और थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह समेत राजस्व एवं चकबंदी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

