
चंदौली। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने चंदौली में स्कूली वाहनों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। सदर कोतवाली क्षेत्र में एआरटीओ प्रवर्तन अभिषेक सिंह के नेतृत्व में टीम ने स्कूली वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान नियमों और दस्तावेजों में खामियां मिलने पर कुल 12 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान चार स्कूली वाहन ऐसे मिले, जिनके चालक मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। परिवहन विभाग की टीम ने इन चारों वाहनों को सीज कर दिया। इसके अलावा आठ वाहनों के कागजात में कमी तथा कुछ दस्तावेजों की वैधता समाप्त पाए जाने पर उनका चालान किया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन अभिषेक सिंह ने बताया कि स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जांच के दौरान वाहन चालकों से परमिट, फिटनेस, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ली गई। जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे अथवा वैधता समाप्त पाए गए, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
उन्होंने वाहन संचालकों को निर्देश दिया कि स्कूली वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखें और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
एआरटीओ ने बताया कि स्कूली वाहनों के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों से नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि बच्चों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

