ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पांच चोरी की बैटरियां बरामद, तीन बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में, कबाड़ियों पर चोरी का माल खरीदने का आरोप

चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुड़ा गांव में ट्रैक्टर और हार्वेस्टर से बैटरियां चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की पांच बैटरियां बरामद करते हुए दो कबाड़ कारोबारियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, बाल अपचारियों से पूछताछ के बाद चोरी का माल खरीदने वालों तक पहुंच बनाई गई।

 

फेसुड़ा गांव निवासी देवेंद्र कुमार मौर्य ने सैयदराजा थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से अज्ञात चोरों ने दो बैटरियां चोरी कर ली थीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 249/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान एक अन्य मामले में भी बैटरी चोरी की जानकारी सामने आई।

 

उच्चाधिकारियों के निर्देशन और थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और विवेचना कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फेसुड़ा गांव से तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की बैटरियां खरीदने वाले कबाड़ कारोबारियों मिठाईलाल और रब्बूल को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे और उनकी दुकान से विभिन्न ट्रैक्टरों और हार्वेस्टर से चोरी की गई कुल पांच बैटरियां बरामद हुईं। बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

 

पूछताछ में बाल अपचारियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने फेसुड़ा गांव में ट्रैक्टरों और हार्वेस्टर से बैटरियां चोरी की थीं और बाद में उन्हें कम कीमत पर कबाड़ियों को बेच दिया। वहीं पुलिस के अनुसार, कबाड़ कारोबारियों ने भी चोरी का सामान अधिक मुनाफे की लालच में कम कीमत पर खरीदने की बात स्वीकार की है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिठाईलाल निवासी शास्त्री नगर और रब्बूल निवासी गांधीनगर, सैयदराजा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 249/2026 और 250/2026 में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र समेत उपनिरीक्षक मारकंडेय सिंह, नंद किशोर सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!