
चंदौली। डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में रविवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। कुछमन और सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बीच एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर शव को ट्रेन से नीचे फेंककर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर युवक के सिर में गोली मारने के बाद ट्रेन से शव को नीचे फेंक दिया। सकलडीहा स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर आरोपी दो पिट्ठू बैग लेकर उतर गया और मौके से भाग निकला।
घटना की जानकारी ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही अलीनगर, चंदौली, सकलडीहा थाना पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंच गई।
जीआरपी डीडीयू ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सकलडीहा थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

