
चंदौली। नाकों चने चबा देना यानी परेशान कर देना। सपाइयों ने प्रशासन के साथ वही किया। किसान बिल के विरोध में आंदोलनरत सपाइयों को रोकने में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों छक्के छूट गए। किसी को नजरबंद करना पड़ा तो किसी को गिरफ्तार कर थाने भेजना पड़ा। जैसे-तैसे दिन बीता और अधिकारियों ने राहत की सांस ली थी कि पूर्व विधायक और सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने मंगलवार कीे दोपहर बाद धीना रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। रेल लाइन पर ही वाहन खड़ा कर धरने पर बैठ गए। पूर्व विधायक के साथ बड़ी संख्या में किसान संगठन के सदस्य और सपा कार्यकर्ता भी थे। खबर लगते ही प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। ट्रेनों के पहिए जहां-तहां थम गए।

एसडीएम सकलडीहा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पूर्व विधायक मनोज सिंह को जोर जबर्दस्ती हिरासत में ले लिया गया। एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने काफी प्रयास के बाद सपाइयों और किसानों को रेलवे ट्रैक से हटाया और रेल यातायात बहाल कराया। आरपीएफ ने इस मामले में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वैसे आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने सुबह ही पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को माधोपुर स्थिति उनके आवास पर नजरबंद कर दिया था। एसडीएम और सीओ खुद आवास पहुंचे और सहयोग की बात कही थी। लेकिन दोपहर बाद प्रशासन को छकाते हुए मनोज सिंह धीना पहुंचे और रेलवे क्रासिंग पर ही अपना वाहन खड़ा कर दिया सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे ने ट्रेनों को पहले ही रोक दिया था। पूर्व विधायक कार्यकर्ताओं और किसानों के साथ ट्रैक पर ही धरने पर बैठ गए।