
चंदौली। कह सकते हैं कि जिला मुख्यालय भी सुरक्षित नहीं है। बीती रात कार सवार बदमाशों ने जनसेवा केंद्र संचालक को मारपीट कर छह लाख रुपये लूट लिए। बहरहाल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इंस्पेक्टर गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस ने यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर की। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 2.90 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के लोहिया नगर स्थित बबुरी रोड पर देर रात हुई थी। हथियारबंद बदमाशों ने बसिला गांव निवासी जनसेवा केंद्र संचालक तंजीर अहमद पर हमला कर नकदी से भरा बैग लूट लिया था। बैग में करीब छह लाख रुपये होने की बात सामने आई थी। वारदात के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में अलीनगर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकदी बरामद की। गिरफ्तारी के बाद चारों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सदर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब लूट की शेष रकम की बरामदगी और वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है। इस दुस्साहसिक वारदात ने सदर कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

