
चंदौली। जनपद में न्यायिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुगम बनाने की दिशा में निर्माणाधीन नए न्यायालय भवन की प्रगति का मंगलवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एवं चंदौली सत्र प्रभाग के प्रशासनिक न्यायाधीश तेज प्रताप तिवारी ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और अब तक हुई प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि परियोजना समय से पूरी हो सके।

निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ने निर्माणाधीन न्यायालय परिसर के विभिन्न हिस्सों, अदालत कक्षों, अधिवक्ताओं के बैठने के स्थान तथा आम जनता के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति और आगे की कार्ययोजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
न्यायमूर्ति तेज प्रताप तिवारी ने निर्देश दिया कि निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने को कहा, ताकि कार्य में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि नए न्यायालय भवन में आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। परिसर में पेयजल, शौचालय, पार्किंग और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही परिसर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए हरियाली तथा सुरक्षा संबंधी मानकों का भी पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ने परिसर में आंवले का पौधा रोपित किया और परिसर को हरा-भरा बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, समस्त न्यायाधीशगण, संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

