ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: गो-तस्करी पर कार्रवाई में लापरवाही पड़ी भारी, कंदवा थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, एसपी आकाश पटेल ने की कार्रवाई, महकमे में खलबली

चंदौली। जनपद में गो-तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कार्यों में उदासीनता और निर्देशों के अनुपालन में शिथिलता बरतने के आरोप में कंदवा थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक विनोद कुमार अंचल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

 

पुलिस अधीक्षक ने पूर्व में ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गो-तस्करी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें। इसके लिए नियमित गश्त, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा गया था। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि कर्तव्यों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद कंदवा थाना क्षेत्र में गो-तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में उदासीनता बरतने पर एसपी ने थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल को पुलिस लाइन स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया।

 

इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस अधीक्षक ने एक बार फिर सभी थाना प्रभारियों को सचेत किया है कि वे अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। विशेष रूप से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच करने और गो-तस्करी की रोकथाम के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने स्पष्ट किया है कि जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ इसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!