
चंदौली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंदौली पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नरसिंहपुर रोड के पास घेराबंदी कर गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 19 किलो 260 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। दोनों आरोपी गोरखपुर जनपद के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को एएनटीएफ थाना गाजीपुर में तैनात उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख अपनी टीम के साथ मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चंदौली क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग ओडिशा से अवैध गांजा लेकर चंदौली होते हुए वाराणसी के रास्ते गोरखपुर जाने वाले हैं। सूचना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट वाराणसी के पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार त्रिपाठी से टीम गठन और आवश्यक प्राधिकार पत्र प्राप्त किया गया।
इसके बाद एएनटीएफ टीम ने एनएच-19 पर मझवार रेलवे स्टेशन के आसपास संदिग्धों की तलाश शुरू की। घटनास्थल चंदौली थाना क्षेत्र में होने के कारण स्थानीय पुलिस से अतिरिक्त बल मांगा गया। इस पर एएनटीएफ टीम मंडी चौकी पहुंची, जहां चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मारकंडेय सिंह और महिला कांस्टेबल शीतला राव पुलिस बल के साथ मौजूद मिले। इसके बाद दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान शुरू किया।
इसी दौरान मुखबिर ने नरसिंहपुर रोड के पास खड़े एक महिला और पुरुष की ओर इशारा करते हुए बताया कि दोनों अपने बैग में गांजा लेकर जाने की फिराक में हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों तेज कदमों से आगे बढ़ने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके बैग से कुल 19 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज साहनी (19), पुत्र राधेश्याम साहनी और प्रीति कुमारी (21), पुत्री लक्ष्मण निषाद, निवासी अमरुद मंडी, थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे वाराणसी जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 541/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 में प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई में एएनटीएफ और चंदौली पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

