ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस की छापेमारी में नौ गिरफ्तार, चार महिलाओं का रेस्क्यू, मौके से आपत्तिजनक सामग्री बरामद

चंदौली। जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शारदा अस्पताल के पास स्थित एक मकान में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, यहां पिछले कई दिनों से कथित तौर पर देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान सात पुरुष और दो महिला अभियुक्ताओं को हिरासत में लिया गया। वहीं, मौके से चार महिलाओं को रेस्क्यू कराया गया। मामले में एक अन्य महिला की तलाश की जा रही है।

 

पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर को क्षेत्राधिकारी सदर और प्रभारी निरीक्षक चंदौली पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मझवार स्टेशन से आगे बिहार जाने वाली सर्विस रोड पर शारदा अस्पताल के पास एक मकान में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के अनुसार, मकान में रहने वाली महिला कथित तौर पर बाहरी महिलाओं को पैसों का लालच देकर बुलाती थी और उनसे देह व्यापार कराती थी।

 

सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी सदर ने पुलिस टीम गठित की और बताए गए मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से सात पुरुष और दो महिलाओं को पकड़ा गया। इसके साथ ही चार महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया।

 

734 कंडोम और नकदी बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 734 कंडोम, 12,890 रुपये नकद, पीली और सफेद धातु के आभूषण, बैंक पासबुक, जमा पर्चियां तथा विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए। नकदी अलग-अलग कमरों और अलमारी से मिली।

 

पुलिस ने चंदा देवी (50), निवासी पांडेयपुर, वाराणसी कैंट और सावित्री देवी (50), निवासी परिवा, थाना सैयदराजा को गिरफ्तार महिलाओं में शामिल बताया है। पुलिस के अनुसार, अमरावती देवी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

 

इस मामले में थाना चंदौली पर अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी में क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह सहित थाने की पुलिस टीम और महिला पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!