ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: देव दीपावली पर 21 हजार दीपों से जगमगाया गंगा का किनारा, बाबा कीनाराम धाम में दीपों की छटा ने मोहा मन

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बलुआ से लेकर महरौड़ी देवी मंदिर तक दीपोत्सव की धूम, भजन-कीर्तन और लोकगीतों ने बांधा समां

चंदौली। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार को चंदौली के पश्चिम वाहिनी गंगा तट बलुआ घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचने लगे। पतित पावनी मां गंगा की अविरल धारा में आस्था की डुबकी लगाकर लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। स्नान के साथ पूजा-पाठ, जप-तप और दान-पुण्य का सिलसिला चलता रहा। घाट से लेकर आसपास के मंदिरों तक हर ओर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए गंगा सेवा समिति के सदस्यों ने सेवा भाव से व्यवस्थाओं में सहयोग किया। उन्होंने स्नानार्थियों की सहायता करने के साथ घाट पर व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 21 हजार दीपों से जगमगाया बलुआ घाट

शाम होते ही बलुआ क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। बलुआ घाट पर 21 हजार, बलुआ सराय रामघाट पर 2500, बाबा कीनाराम धाम में 11 हजार और मां महरौड़ी देवी मंदिर पर 10 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। हजारों दीपों की सुनहरी आभा से गंगा तट और मंदिर परिसर की छटा देखते ही बन रही थी। दीपों की रोशनी और गंगा की लहरों के बीच श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

 कीनाराम सरोवर में दिखी दीपों की अद्भुत छटा

बाबा कीनाराम धाम में सुबह से ही क्षेत्रीय कलाकारों ने भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शाम को कार्यक्रम व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह के सानिध्य में दीप प्रज्ज्वलित कर बाबा कीनाराम की महाआरती की गई। कीनाराम सरोवर को दीपों से सजाया गया था। सरोवर के पानी में झिलमिलाते दीपों के प्रतिबिंब ने ऐसा मनोरम दृश्य प्रस्तुत किया, मानो पूरा धाम रोशनी के सागर में डूब गया हो।

 लोकगीतों से गंगा निर्मलीकरण का संदेश

इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में अरविंद पांडेय, अवनीश पांडेय, रोहित तिवारी और योगेंद्र मिश्रा सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे। लोकगीत कलाकार अरविंद तिवारी और शशीलाल ने मां गंगा की महिमा, स्वच्छता और निर्मलीकरण पर आधारित गीतों की प्रस्तुति देकर देर रात तक समां बांधे रखा। कलाकारों और प्रतिभागियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

Back to top button
error: Content is protected !!